50 कारीगरों को विद्युत चलित चाक और 3 पगमिल बांटा गया, 200 लोगों ने लिया हिस्सा
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड की ओर से शनिवार को निशुल्क विद्युत चलित चाक एवं एक दिवसीय माटी कला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मतापुर जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम में कुल 50 कारीगरों को विद्युत चलित चाक और 3 पगमिल बांटा गया । जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। अतिथियों का बुके एवं अंगवस्त्र भेंट करके सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार निचले तबके के परंपरागत कारीगरों के उत्थान के लिए पूर्ण रूप से दृढ़ संकल्पित है। सरकार की संचालित योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम गरीब व्यक्ति तक पहुंच रहा है। सरकार जमीनी स्तर पर मजबूती से काम कर रही है। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार कुमार जाति के लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रही है। इससे उनका जीवन सुखमय एवं समृद्धि साली होगा। इसके साथ लोगों के रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। विशिष्ट अतिथि सुइथाकला के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार देकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का काम कर रही है।
सरकार का यह कदम इस समाज के लोगों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कहा कि इलेक्ट्रिक चाक से कुम्हारों को सुविधा एवं सहूलियत मिलेगी। वाराणसी परिक्षेत्रीय ग्राम उद्योग अधिकारी यूपी सिंह, जिला उद्योग केंद्र उपायुक्त वीके सिंह, डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज जौनपुर आशुतोष सहाय पाठक ने माटी कला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संचालन सहायक आयुक्त उद्योग जयप्रकाश ने किया। मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ रामसूरत मौर्या, विनोद पांडेय, राजेंद्र प्रजापति, राहुल प्रजापति, रिंकू मौर्या सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ