जौनपुर: विधायक रमेश सिंह ने सदन में उठाया शाहगंज को जिला बनाने का मुद्दा

शाहगंज की चीनी मिल को फिर से चालू कराने, निषाद मल्लाह आदि जातियों के आरक्षण जैसे मुद्दों को सदन में उठाया 


क्षेत्र के विकास के मुद्दों को लेकर विधायक रमेश सिंह ने सीएम योगी से की भेंट

जौनपुर। उत्तर-प्रदेश विधानसभा में निषाद पार्टी के विधान मंडल दल के नेता एवं शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने मंगलवार को शाहगंज को जिला बनाने का मुद्दा उठाया। विधायक ने सदन में कार्यवाही के दौरान क्षेत्र की जनता के हितों, शाहगंज के बहुमुखी विकास व मछुआ, कश्यप, बिंद, मल्लाह, निषाद, केवट, मझवार, गोंड व धनगर समाज के लिए आरक्षण की मांग को पुरजोर ढंग से उठाया। इससे समाज मे इन वर्गों को भी शैक्षिक, सामाजिक व आर्थिक रुप से विकास का समान अवसर मिल सके और वे भी विकास की मुख्य धारा में सम्मिलित हो सकें। इतना ही नहीं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शाहगंज को जिला बनाने, किसानों की जीवनरेखा शाहगंज की चीनी मिल को फिर से चालू कराने जैसे सर्वसमाज के हितों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात को रखा। उन्होंने कहा कि शाहगंज विधानसभा क्षेत्र पूरे पूर्वांचल में व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायक ने कहा कि शाहगंज को जिले का दर्जा मिलना क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

 विधायक ने कहा कि शाहगंज के जिला बनने से विधानसभा क्षेत्र की जनता को आवश्यक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। शाहगंज में ही कलेक्ट्रेट से लेकर अन्य विभाग क्षेत्र में ही सुलभता से जनता को मिलेंगे, इससे जनता की भटकन, समय, श्रम और फिजूल खर्ची से निजात मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र के विकास के मुद्दों को लेकर विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विधानसभा स्थित कार्यालय पर शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से प्राप्त मार्गदर्शन से क्षेत्र के विकास कार्यों को और भी अधिक गति मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ