जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई जहां जनपद में आयुष सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने आयुष चिकित्सालयों की भूमि से संबंधित अभिलेखों में खतौनी में नाम दर्ज कराने, चिकित्सालय परिसरों में बाउंड्रीवाल निर्माण एवं विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध एवं समन्वय के साथ पूर्ण कराया जाय। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आयुष पद्धतियों के अन्तर्गत औषधीय पौधों के संरक्षण, संवर्धन एवं उनके उपयोग के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये जिससे आमजन आयुष चिकित्सा पद्धतियों के लाभों से अवगत हो सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत आयुष आधारित औषधि निर्माण एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि इस योजना के माध्यम से जनपद के आयुष चिकित्सक को आयुष औषधि निर्माण से जोड़े। अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयुष सेवाओं को जनपद स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक, समस्त योग प्रशिक्षक, तथा वाजिदपुर, पेसारा (बरसठी) एवं सिकरारा पोखरा के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ