सुइथाकला, जौनपुर। क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय अशोकपुर कला में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का शनिवार की देर शाम समापन समारोह चलता रहा। मुख्य अतिथि खंड शिक्षाधिकारी आनंद प्रकाश सिंह रहे। इसमें 120 स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षित किए गए। मुख्य अतिथि ने कहा कि स्काउट समाज का चतुर्दिक विकास करता है। स्काउट से छात्र-छात्राओं का सामाजिक, आध्यात्मिक, नैतिक, शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। बताया कि स्काउट देश के नागरिकों को समाज सेवा के लिए तैयार करता है। बताया कि स्काउट गाइड के माध्यम से जीवन में अनुशासन, सहयोग, दया, करुणा, ईमानदारी और सच्चाई जैसे सद्गुणों का विकास होता है। विशिष्ट अतिथि स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त डॉ रणजीत सिंह ने कहा कि स्काउट विषम परिस्थितियों में जीवन जीने की कला सिखाती है।
ईश्वर में आस्था और समाज के प्रति सेवा भाव मूल मंत्र है। स्काउट मनुष्य को ईश्वर और प्रकृति के निकट लाने का काम करती है। खेल-खेल में बच्चों के भीतर सीखने की भावना उत्पन्न होती है। बच्चों ने बिना बर्तन के भजन पकाने, रोगियों की सेवा, एवं प्राथमिक चिकित्सा करने जैसे अन्य चीजों के बारे में जाना। इसके अलावा छात्रों ने प्रार्थना, झंडा गीत, टेंट पिचिंग, पुल और भारवाहक आदि में हिस्सा लिया। पूर्व प्रधान राम सहाय वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन प्रधानाध्यापक सतीश कुमार सिंह ने किया। मौके पर प्रशिक्षक व ट्रेनिंग काउंसलर अंबुज एवं श्रेया सिंह, दुष्यंत मिश्रा डॉ रणंजय सिंह, सुधाकर सिंह, रविंद्र भास्कर, राजाराम, कौशल कुमार, जितेंद्र सिंह, राकेश, हरेंद्र गौतम, पारस यादव, उमेश चंद्र यादव, अरविंद यादव, निशाकांत यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ