विधायक रमेश सिंह ने किया कन्या पूजन, बच्चों को दिए शिक्षण सामग्री किट, पुष्पवर्षा कर बढ़ाया उत्साह
जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय खुटहन में शुक्रवार को नवरात्र के पावन पर्व पर कन्या पूजन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक रमेश सिंह ने कन्या पूजन कर बालिकाओं का सम्मान किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पुरस्कार, स्कूल बैग और शिक्षण सामग्री वितरित कर पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया।
विधायक रमेश सिंह ने कहा कि नवरात्र का पर्व नारी शक्ति के सम्मान और समाज में सकारात्मक संस्कारों को मजबूत करने का संदेश देता है। बालिकाओं का सम्मान करना और बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी खुटहन विपुल कुमार उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित करने से उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेंद्र कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रोहित सिंह, वंश बहादुर पाल, राकेश सिंह, वीरेंद्र कुमार बघेल, रामजीत यादव और सुमन यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ