जौनपुर: मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन को चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु

जौनपुर: मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन को चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु
जौनपुर। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन बृहस्पतिवार को पूर्वांचल के प्रमुख धार्मिक स्थल मां शीतला चौकियां धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने मां शीतला के स्कंदमाता स्वरूप का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। माता रानी के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।

भोर चार बजे खुला मंदिर का कपाट

नवरात्र के पांचवें दिन भोर में चार बजे मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन शुरू हो गया। मंदिर के पुजारी मुक्तेश्वर पंडा ने मां शीतला का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से आरती-पूजन किया। हवन और पूजन के बीच श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता रानी के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे धाम की छटा देखते ही बन रही है।
जौनपुर: मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन को चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु


संतान सुख और साहस प्रदान करती हैं मां स्कंदमाता

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंदमाता नवदुर्गा का पांचवां स्वरूप हैं। भगवान कार्तिकेय को स्कंद कहा जाता है। उनकी माता होने के कारण देवी का नाम स्कंदमाता पड़ा। मां की गोद में भगवान कार्तिकेय बाल स्वरूप में विराजमान रहते हैं। मान्यता है कि मां स्कंदमाता की आराधना से संतान सुख की कामना पूरी होती है और भक्तों को जीवन की कठिनाइयों का सामना करने का साहस मिलता है। इस दिन माता रानी को केसर की खीर, पीले रंग की मिठाई और मौसमी फल अर्पित करना शुभ माना जाता है।

अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मां शीतला के दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित सत्यनारायण मंदिर, काल भैरवनाथ मंदिर, काली मंदिर और हनुमान मंदिर में भी मत्था टेका। नवरात्र के मद्देनजर मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जौनपुर: मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन को चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु
पार्किंग और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले वाहनों को मंदिर से करीब 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर पार्क कराया गया। वहीं, वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पश्चिमी मुख्य मार्ग पर बड़ागर चौराहे के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

थानाध्यक्ष लाइन बाजार केके सिंह और शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्था संभालते नजर आए। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

जौनपुर: मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन को चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु

जौनपुर: मां स्कंदमाता के दर्शन-पूजन को चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ