जौनपुर: प्रांतीय प्रतियोगिता में रुचि प्रजापति ने जीता स्वर्ण पदक, प्रधानाचार्य ने किया सम्मानित

जौनपुर: प्रांतीय प्रतियोगिता में रुचि प्रजापति ने जीता स्वर्ण पदक, प्रधानाचार्य ने किया सम्मानित


जौनपुर। गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में टीडी इंटर कॉलेज की छात्रा रुचि प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ मंडल का भी नाम रोशन हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद विद्यालय पहुंचने पर रुचि का प्रार्थना सभा में सभी विद्यार्थियों के सामने सम्मान किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने रुचि प्रजापति को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानकर लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतिभावान विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा, “रुचि को जिस भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, विद्यालय की ओर से उसे पूरा किया जाएगा। हमें उम्मीद है कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए विद्यालय और मंडल का नाम रोशन करती रहेंगी।”
उन्होंने कहा कि खेल और अन्य प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रुचि की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से रुचि से प्रेरणा लेकर पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह में सत्य प्रकाश सिंह, सुनील सिंह, राजेश सिंह, रमेश चंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, प्रदीप यादव सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने रुचि को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आपको बता दें कि प्रधानाचार्य डॉ. सत्यप्रकाश सिंह ने टीडी इंटर कॉलेज जौनपुर के शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, विद्यालय की गतिविधियों को बेहतर बनाने और शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर उनका विशेष जोर रहा है। विद्यालय परिवार के बीच उनकी सक्रियता और सकारात्मक सोच की सराहना की जाती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ