श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर में प्रतिमा पर माल्यार्पण, सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्श अपनाने का संदेश
सुईथाकला। श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर में शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह और विशिष्ट अतिथि मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के प्रदेश अध्यक्ष ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की मिसाल रहा है।
विशिष्ट अतिथि मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज की पीढ़ी के लिए भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
विद्यालय के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन विद्यार्थियों को सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों से जोड़ना शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रधानाचार्य डॉ अजेय प्रताप सिंह और पूर्व प्रधानाचार्य डॉ रणजीत सिंह ने भी दोनों महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
0 टिप्पणियाँ