जौनपुर: महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रही मोदी-योगी की सरकार: कृपाशंकर सिंह

176 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा की राह होगी आसान
प्रधानमंत्री नरेंद्र के जन्मदिवस के उप लक्ष्य में सेवा पखवाड़ा के तहत केवटली स्थित सर जेपी महिला पीजी कॉलेज में हुआ आयोजन
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा/सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के केवटली स्थित सर जेपी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जरूरतमंद छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने 176 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कृपाशंकर सिंह ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है। मोदी- योगी की सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को पढ़ाई के लिए आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुविधाएं उपलब्ध होने से वे अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल एक परिवार का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के लिए बेहतर अवसर और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। 

बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि ग्रामीण अंचल में कई छात्राएं आवागमन की समस्या के कारण नियमित रूप से शिक्षण संस्थानों तक नहीं पहुंच पातीं। साइकिल मिलने से छात्राओं को आने-जाने में सहूलियत होगी और उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार समाज को आगे ले जाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, महाविद्यालय के प्रबंधक राजेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह फंटू, गौरी शंकर सिंह, राधेमोहन सिंह, अखिलेश चौबे, श्याम राज सिंह समेत पार्टी पदाधिकारी, शिक्षक, छात्राएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ