जौनपुर: संयुक्त राष्ट्र में गूंजा मछलीशहर का स्वर, प्रिया सरोज ने भारत की भूमिका पर की चर्चा

jaunpur-machhilishahars-voice-echoed-united-nations-priya-saroj-discussed-indias-role
UNGA के 81वें सत्र में भारतीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं मछलीशहर की सपा सांसद
UNDP के साथ समावेशी और सतत विकास पर हुआ संवाद
जौनपुर। मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की समाजवादी पार्टी सांसद प्रिया सरोज ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के पहले दिन भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा में भाग लिया। वैश्विक मंच पर मछलीशहर की सांसद की मौजूदगी को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
सत्र के दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत की भूमिका और सहभागिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इसके बाद सांसद प्रिया सरोज ने संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के साथ समावेशी एवं सतत विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया। उन्होंने विकास की प्रक्रिया में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी और अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जौनपुर: संयुक्त राष्ट्र में गूंजा मछलीशहर का स्वर, प्रिया सरोज ने भारत की भूमिका पर की चर्चा
प्रिया सरोज ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। भारत केवल अपनी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास तभी सार्थक होगा, जब समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि गरीबी, असमानता, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दे किसी एक देश तक सीमित नहीं हैं। इनके समाधान के लिए वैश्विक सहयोग और साझा प्रयास जरूरी हैं।
मछलीशहर की सांसद की संयुक्त राष्ट्र में सहभागिता की खबर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। समर्थकों का कहना है कि स्थानीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना मछलीशहर के लिए गौरव का विषय है। सांसद की इस भूमिका से क्षेत्रीय मुद्दों को व्यापक वैश्विक परिप्रेक्ष्य से देखने की उम्मीद भी जगी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ