सुईथाकला, जौनपुर। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर रविवार देर शाम श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा समोधपुर में महानिशा पूजन, हवन और आरती का आयोजन हुआ। इसके बाद भंडारे में सैकड़ों स्थानीय श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाखा के उपाध्यक्ष एवं गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू ने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह मानव को सच्चे अर्थों में मनुष्य बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है। समूह का मूल मंत्र आत्मसंयम के माध्यम से ईश्वर की प्राप्ति और प्रत्येक मनुष्य के प्रति समदृष्टि का भाव विकसित करना है।
कोषाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य डॉ रणजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक प्राणी में ईश्वर का दर्शन करना अघोरेश्वर महाप्रभु का मूल मंत्र है।
मनुष्य को सभी जीवों के प्रति प्रेम, करुणा और सम्मान का भाव रखना इसके मूल में निहित है।
प्रो.अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि जाति-पाति, अमीरी-गरीबी सहित सभी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता के उत्थान के लिए समूह कार्य कर रहा है। अवधूत भगवान राम की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में समानता और भाईचारे की भावना मजबूत की जा सकती है। इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री अजित सिंह, सतीश सिंह, श्रीकृष्ण पाल सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. अजेय प्रताप सिंह, डॉ अजय कुमार सिंह, पद्मभूषण सिंह, दीपक सिंह, डॉ. संदीप सिंह, रामाशंकर मिश्र वैद्य, जितेंद्र बहादुर सिंह बबलू, राजन सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ