विधायक रमेश सिंह ने कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद, सुईथाकला ब्लॉक परिसर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जौनपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विकासखंड सुईथाकला परिसर में शुक्रवार को आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में विधायक रमेश सिंह ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की प्रतीक नन्ही कन्याओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और भारतीय संस्कृति की परंपराओं का संदेश दिया गया।
विधायक रमेश सिंह ने कहा कि कन्या पूजन हमारी सांस्कृतिक आस्था और नारी शक्ति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
प्रभारी खंड विकास अधिकारी एवं डीसी मनरेगा जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना हम सभी का दायित्व है।
खंड शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश सिंह ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से समाज की प्रगति को गति मिलती है। उन्होंने बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, मंडल अध्यक्ष अरसिया अवधेश दुबे, निषाद पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र निषाद, ब्लॉक अध्यक्ष पंचम बिंद, प्रधान प्रतिनिधि कम्मरपुर प्रवीण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता बेचन सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष भीम सिंह भोले, खुशीराम मिश्रा, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरेश धुरिया, मोनू तिवारी, अभिषेक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ