निर्माण कार्य तेज, बैडमिंटन से लेकर ताइक्वांडो तक के खेलों के लिए तैयार होगा बहुउद्देशीय परिसर
जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर में पुराने एनएच-56 के किनारे 6.46 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इंडोर खेल स्टेडियम का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इसके निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
बदलापुर विधानसभा में इंडोर खेल परिसर के अभाव के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था। निर्माणाधीन स्टेडियम इस कमी को दूर करेगा और क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई गति देगा।
स्टेडियम में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कुश्ती, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो और जूडो सहित विभिन्न खेलों के लिए मानक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही कोर्ट, रिंग, उच्च गुणवत्ता की प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर तथा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण हेतु अनुभवी प्रशिक्षकों की व्यवस्था भी की जाएगी।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हरिहरपुर में बन रहा इंडोर स्टेडियम क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। यहां खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। यह परियोजना युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
0 टिप्पणियाँ