जौनपुर: अभिषेक उपाध्याय 'श्रीमंत' की सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और सतत अध्ययन का परिणाम : डॉ. उमेश चंद्र

 


टीजीटी में चयनित होने पर प्राचार्य अभिषेक उपाध्याय 'श्रीमंत' का एसवीडी गुरुकुल महाविद्यालय में स्वागत  

जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की टीजीटी-2022 परीक्षा में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (हिंदी) पद पर चयनित होने पर एसवीडी गुरुकुल महाविद्यालय के प्राचार्य अभिषेक उपाध्याय 'श्रीमंत' का एसवीडी गुरुकुल महाविद्यालय, डीआरसी गुरुकुल पब्लिक स्कूल, डीएलएड कॉलेज एवं एसवीडी गुरुकुल विधि महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र, भगवान श्रीराम की प्रतिमा और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में संस्थान के प्रबंधक एवं सुइथाकला के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि अभिषेक उपाध्याय की सफलता समर्पण, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि योग्य और प्रतिबद्ध शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनकी उपलब्धियां विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देती हैं। अभिषेक उपाध्याय 'श्रीमंत' की उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सतत अध्ययन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। डॉ राकेश चंद्र तिवारी ने कहा कि हमें विश्वास है कि वे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे और समाज में सकारात्मक योगदान देते रहेंगे।

  उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी उपलब्धि से संस्थान की शैक्षणिक प्रतिष्ठा और मजबूत होगी। संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज मिश्रा तथा डीएलएड कॉलेज के प्राचार्य मोहम्मद एहतेशाम खान ने भी उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर बधाई दी।
सम्मान ग्रहण करने के बाद अभिषेक उपाध्याय 'श्रीमंत' ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, वरिष्ठजनों और सहयोगियों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम का संचालन डीआरसी गुरुकुल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य रामपति दुबे ने किया। समारोह में अरुण कुमार पांडेय, उदय प्रताप सिंह, विनय, शरद, संजय पांडेय, ममता तिवारी, अक्षिता पांडेय, रुचि, रेखा सहित संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ