मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य का पैतृक गांव गैरवाह(शाहापुर) में देर रात भव्य स्वागत
जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड के गैरवाह (शाहापुर) गांव में रविवार देर रात मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के नवनियुक्त प्राचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा के प्रथम गृह आगमन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। क्षेत्रवासियों ने ढोल नगाड़े एवं गाजे बाजे के साथ माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। समारोह में वक्ताओं ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।
नवनियुक्त प्राचार्य बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा का ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने आत्मीय स्वागत किया।
अपने संबोधन में प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने कहा, मैं इस सम्मान से अभिभूत हूं। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और उन सभी लोगों का है जिन्होंने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी, परिवार के संस्कार और कठिन परिश्रम ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, सतत अध्ययन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता का आधार है। ग्रामीण परिवेश का विद्यार्थी भी दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।
प्रो. वर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के रूप में उनकी प्राथमिकता चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना, विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण तैयार करना तथा मरीजों को बेहतर, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी प्रशासन, जवाबदेही और टीमवर्क के माध्यम से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज और क्षेत्र के लोगों का स्नेह मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
विशिष्ट अतिथि एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नैय्यर-ए आज़म ने कहा कि प्रो.वर्मा का प्राचार्य पद पर चयन पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनका अनुभव, नेतृत्व क्षमता और शैक्षणिक दृष्टिकोण निश्चित रूप से मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज को नई पहचान दिलाएगा। चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा।
विशिष्ट अतिथि एवं सेवानिवृत्त शिक्षक रामकिशुन वर्मा ने कहा कि प्रो. वर्मा की सफलता यह संदेश देती है कि सीमित संसाधन भी मेहनत और शिक्षा के सामने बाधा नहीं बनते। उनका जीवन संघर्ष, अनुशासन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
समारोह के अंत में प्राचार्य के बड़े भाई एवं राजस्व निरीक्षक विजय कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत एवं आभार जताया। कहा कि प्रो. वर्मा का प्राचार्य बनना पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही परिवार की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रदीप वर्मा, जयनाथ वर्मा, सुरेश वर्मा, महेश वर्मा, शीतला प्रसाद वर्मा, पृथ्वी पति वर्मा आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रामानंद निषाद ने किया।
इस अवसर पर पंचम बिंद प्रधान प्रतिनिधि, बासूपुर के प्रधान अजय चौधरी, राजकुमार पटेल, सत्यनारायण वर्मा, परमानंद जैसल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


.jpeg)


0 टिप्पणियाँ