श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना संविधान दिवस, क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
जौनपुर। श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अजेय प्रताप सिंह के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के संवैधानिक ज्ञान को परखने के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रधानाचार्य डॉ. अजेय प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। इसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने तथा संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।
क्विज प्रतियोगिता का संयोजन धर्मदेव शर्मा ने किया। इसमें दो समूहों में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा छह एवं सात के समूह में छठवीं कक्षा की रिया वर्मा ने प्रथम, सातवीं कक्षा की रिया गुप्ता ने द्वितीय तथा शिवांगी मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में कक्षा नौ एवं दस के समूह में शिवा गौतम प्रथम, देवेंद्र कुमार गुप्ता द्वितीय तथा नवी कक्षा की अदिति वर्मा एवं मीनाक्षी मौर्य संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर संतोष कुमार सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, अमृतलाल विश्वकर्मा, राम बख्श सिंह, प्रेमनाथ सिंह, संतोष कुमार एवं पुष्पेंद्र बहादुर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ