जौनपुर: न्याय, सेवा और समाजहित के कार्यों के प्रति समर्पित रहा दयाराम वर्मा का पूरा जीवन : सांसद


चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, श्रद्धासुमन 

 जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र के सुरापुर (लमिया) गांव निवासी अधिवक्ता एवं समाजसेवी दयाराम वर्मा की चौथी पुण्यतिथि पर मंगलवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
मुख्य अतिथि सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि स्व. दयाराम वर्मा का पूरा जीवन न्याय, सेवा और समाजहित के कार्यों को समर्पित रहा। उन्होंने समाज के हर वर्ग के लोगों की निस्वार्थ भाव से सहायता की। ऐसे व्यक्तित्व भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच न हों, लेकिन उनके आदर्श और विचार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद कुमार मिश्रा ने कहा कि स्व. दयाराम वर्मा ने सामाजिक समरसता, जनसेवा और मानवीय मूल्यों को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यों से समाज में जो सम्मान अर्जित किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
गांधी स्मारक विद्यालय संकुल समोधपुर के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह 'रानू' ने कहा कि स्व. दयाराम वर्मा शिक्षा, सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों के प्रबल समर्थक थे। समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सेवा भावना सदैव स्मरणीय रहेगी।
अधिवक्ता विपिन बिहारी पटेल (कादीपुर), विनीत बिहारी पटेल तथा विक्रम बिहारी पटेल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार मौर्य, प्रो. अरविंद कुमार सिंह, जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार मौर्य, डॉ. अविनाश वर्मा, विनय कुमार वर्मा, दुष्यन्त मिश्रा, रामकिशुन वर्मा, जितेंद्र बहादुर सिंह 'बबलू', ईश्वर देव यादव, जयशंकर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ