सेवायोजन कार्यालय की ओर सेसाइबर इंस्टीट्यूट में आयोजित हुआ करियर काउंसलिंग शिविर
छात्रों को करियर निर्माण के दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव
जौनपुर। सेवायोजन कार्यालय, जौनपुर द्वारा नगर के मियांपुर स्थित साइबर इंस्टीट्यूट ऑफ कम्प्यूटर टेक्नोलॉजी में शनिवार को करियर काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कोटा में असिस्टेंट प्रोफेसर एवं इग्नू में मनोविज्ञान काउंसलर के पद पर कार्यरत बबिता मिश्रा ने छात्रों को सफल करियर निर्माण के लिए आवश्यक गुणों और चुनौतियों से अवगत कराया। उन्होंने प्रतिभागियों के करियर संबंधी प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कहा कि "जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए दृढ़ निश्चय, सकारात्मक सोच और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए निरंतर मेहनत करें तो किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।"
उन्होंने युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चयन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में सेवायोजन अधिकारी शशिकांत सरोज ने व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उपस्थित प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। रोजगार मेला प्रभारी शिवकुमार ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। वहीं कैरियर काउंसलर राजीव पाठक ने सेवामित्र पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र जीवन को सफल करियर की मजबूत नींव बताया।
इस अवसर पर सेवायोजन विभाग के विनोद, ट्रेनर रश्मि पाठक, अनुज पटेल, मंगल चौहान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ