जौनपुर: बदलापुर को रेलवे की बड़ी सौगात, हरपालगंज और सरायहरखू स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को मिली मंजूरी


हरपालगंज में मेमू ट्रेन और सरायहरखू में शटल एक्सप्रेस के स्टॉपेज को रेलवे की स्वीकृति

विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जताया आभार

जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे मंत्रालय ने हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर शिवपुर-उतरटिया मेमू तथा सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर वाराणसी-लखनऊ शटल एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने इसे क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग की जीत बताते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर  वाराणसी-लखनऊ शटल एक्सप्रेस तथा हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर शिवपुर-उतरटिया मेमू ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दे दी गई है। यह स्वीकृति बदलापुर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि रेलवे विभाग से स्वीकृति पत्र जारी हो चुका है। यह बदलापुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात है। हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर मेमू ट्रेन तथा सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर शटल एक्सप्रेस के ठहराव से छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रही थी। जनहित और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने सकारात्मक निर्णय लिया है। इसके लिए वह केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हैं।
विधायक ने कहा कि शीघ्र ही ट्रेनों के स्टॉपेज की तिथि और समय की आधिकारिक घोषणा भी की जाएगी। यह सुविधा क्षेत्र के विकास, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा यात्रियों के सुगम आवागमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी और जनता की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ