जौनपुर: पर्यावरण को संतुलित रखने में वृक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण: डॉ उमेश चंद्र तिवारी


विश्व पर्यावरण दिवस पर घूरीपुर में वृहद वृक्षारोपण अभियान, वन विभाग ने लगाए 6 हजार पौधे

शीशम, कंजी, मौलश्री, सागौन, पीपल और बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

 जौनपुर)। सुइथाकला क्षेत्र में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा घूरीपुर में शुक्रवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 6 हजार पौधे लगाए गए। अभियान में वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के तहत शीशम, कंजी, मौलश्री, सागौन, पीपल और बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए प्राणवायु, छाया और प्राकृतिक संसाधनों का भी आधार हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने की अपील की। कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। वृक्षारोपण से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी एस.एन. यादव, वन दरोगा तेज बहादुर सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, एडीओ पंचायत जय प्रकाश मौर्य, राकेश बहादुर सिंह सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ