जौनपुर: सिलाई मशीन से महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर : सतीश सिंह


समाजसेवी अखिल गुप्ता के सहयोग से पांच महिलाओं को मिली सिलाई मशीन, रोजगार की दिशा में बढ़ा कदम

जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र के रुधौली गांव में शनिवार को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई, जहां समाजसेवी अखिल गुप्ता के  सौजन्य से अपनी माता की पांचवीं पुण्यतिथि पर पांच महिलाओं सहित युवतियों को सिलाई मशीन वितरित की गई।
 आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह ने सिलाई मशीन वितरण करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समाजसेवी अखिल गुप्ता के इस नेक कार्य  की  भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
सिलाई मशीन प्राप्त कर महिलाओं और युवतियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विशिष्ट अतिथि डॉ. राघवेंद्र शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में कौशल आधारित कार्य ही आत्मनिर्भरता की कुंजी है और सिलाई का कार्य महिलाओं के लिए एक बेहतर विकल्प है। विशिष्ट अतिथि अरविंद यादव ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए इस तरह की योजनाएं बेहद जरूरी हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
ठाकुर प्रसाद तिवारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थी महिलाओं एवं उपस्थित लोगों ने समाजसेवी अखिल गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। इस पहल के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अखिल गुप्ता ने अतिथियों एवं आगंतुकों के लिए धन्यवाद  ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि समाज और क्षेत्र के बहुमुखी विकास के लिए उनके स्तर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों के उत्थान के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ