जौनपुर: क्षेत्र के होनहार छात्र- छात्राओं का शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करना गर्व की बात : रमेश सिंह

खुटहन क्षेत्र के रजनीश को जनपद में प्रथम और हिमांगनी यादव को दूसरा स्थान मिलने पर विधायक ने किया सम्मानित  

जौनपुर। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक रमेश सिंह ने शुक्रवार की शाम उनके आवास पहुंचकर अंगवस्त्र भेंट किया और मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मेधावियों के कठिन परिश्रम, माता-पिता और शिक्षकों के योगदान की सराहना की।

ग्रामसभा सधनपुर में सुधीर श्रीवास्तव के सुपुत्र रजनीश श्रीवास्तव ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद जौनपुर में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर विधायक रमेश सिंह ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
 विधायक ने कहा कि “हमारे क्षेत्र के होनहार छात्र-छात्राएं लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना हमारी प्राथमिकता है, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करें।”
उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही बच्चे इस मुकाम तक पहुंचते हैं।
इसी क्रम में ग्राम विकास इंटर कॉलेज खुटहन की छात्रा व  सौरइया गांव निवासी सुरेश यादव की पुत्री हिमांगनी यादव ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 90.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान पाकर परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर विधायक रमेश सिंह उनके आवास पहुंचे और अंगवस्त्र भेंट कर मिठाई खिलाते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और हिमांगिनी जैसी प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ