मानव एकता दिवस पर सद्गुरु बाबा गुरबचन सिंह के योगदान को किया याद
संत निरंकारी मिशन की शाखा पट्टी नरेंद्रपुर में दिया प्रेम और भाईचारे का संदेश
जौनपुर। संत निरंकारी मिशन जोन नंबर 63 अंतर्गत शाखा पट्टी नरेंद्रपुर में शुक्रवार को मानव एकता दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सत्संग में मानवता, प्रेम, भाईचारा और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया गया
कार्यक्रम के दौरान सत्संग में बाबा गुरबचन सिंह जी महाराज तथा बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के मानवता के उत्थान के लिए दिए गए महान योगदान को भावपूर्वक याद किया गया।
शाखा के मुखी महात्मा जयशंकर मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में जहां इंसान स्वार्थ के वशीभूत होकर एक-दूसरे के प्रति हिंसा और वैमनस्य की भावना रखता है, वहीं संत निरंकारी मिशन रक्तदान जैसे महान कार्यों के माध्यम से मानव जीवन की रक्षा कर रहा है।
उन्होंने बताया कि बाबा गुरबचन सिंह जी महाराज ने इंसानियत की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया, जिसकी प्रेरणा से मिशन आज विश्वभर में रक्तदान शिविर आयोजित कर सेवा का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज बाबा हरदेव सिंह जी महाराज और गुरबचन सिंह जी महाराज के दिखाए मार्ग पर चलते हुए उनके सपनों को साकार कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व में बढ़ती हिंसा और रक्तपात से मुक्ति तभी संभव है, जब मनुष्य अपने मूल अस्तित्व अर्थात परमात्मा का साक्षात्कार करेगा। ब्रह्मज्ञान के माध्यम से ही मनुष्य के भीतर से नफरत, द्वेष और हिंसा समाप्त होकर प्रेम, दया, करुणा और सहनशीलता का भाव उत्पन्न होता है। एकाउंटेंट विनोद कुमार, बाल संगत प्रभारी बाबूराम, महिला संगत इंचार्ज विद्या प्रजापति, डॉ शैल कुमार आदि ने भी संबोधित किया। संचालन रामनाथ प्रजापति ने किया।
0 टिप्पणियाँ