जौनपुर: सरकार ने शिक्षकों और कर्मचारियों को किया बेसहारा : नरसिंह बहादुर


जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को जनपद इकाई ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर एकदिवसीय धरना दिया। धरना प्रदर्शन कर शिक्षकों और पदाधिकारियों ने विभिन्न विभिन्न मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद किया। संगठन ने समस्याओं के निस्तारण के लिए सरकार से मांग उठाई।

मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए संघर्ष का आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षकों के हितों और अधिकारों को लेकर बिल्कुल गंभीर नहीं है। जहां एक तरफ सरकार अपने विधायकों और सांसदों को वेतन, पेंशन दे रही है वहीं शिक्षकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि

पुरानी पेंशन शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है जिसे छीन कर सरकार सभी शिक्षकों को बेसहारा करने का काम कर रही है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए सरकार को चेताया कि यदि संगठन की मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो व्यापक स्तर पर प्रदेश व्यापी आंदोलन किया जाएगा। यदि इतने पर भी सरकार गंभीर नहीं हुई तो विधानसभा का घेराव करके सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम किया जाएगा। जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि शिक्षकों के साथ किसी भी कीमत पर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संचालन जिला मंत्री दिनेश चक्रवर्ती ने किया। इस मौके पर राम प्रताप विश्वकर्मा, प्रदीप पांडेय, रविकांत सिंह, कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, रवींद्र सिंह, दया शंकर सिंह, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ