दीया और बाती हम के गीत पर ‘भाभो’ ने बांधा समां
जौनपुर। पड़ोसी जिले सुल्तानपुर के एक होटल में गुरुवार को आयोजित हेयर स्टाइल एवं ब्यूटीशियन आर्टिस्ट अवॉर्ड समारोह में सौंदर्य और फैशन जगत से जुड़े कलाकारों को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टीवी जगत की चर्चित अभिनेत्री नीलू वाघेला की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। उन्होंने अपने हाथों से सभी चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मान पाने वालों में जौनपुर जिले के खेतासराय की अर्चना यादव (मनेछा), स्नेह चौरसिया (पोराई), वर्षा गुप्ता (गोरारी), शर्मिला बिन्द (बीबीपुर जमदहा) और अंजली गुप्ता (सरायमीर) शामिल रहीं। सभी प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य, रचनात्मकता और पेशेवर हुनर के लिए समान रूप से अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हर कलाकार को बराबरी का मंच और पहचान मिली, जो आयोजन की विशेषता रही।
नीलू वाघेला, जो लोकप्रिय टीवी शो दीया और बाती हम में ‘भाभो’ के किरदार से घर-घर में जानी जाती हैं, ने मंच पर अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके डांस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं, जिससे माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
इस मौके पर मॉडल-एक्ट्रेस एवं अंतरराष्ट्रीय हेयर आर्टिस्ट नसीम सलमानी सहित कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं। आयोजन का उद्देश्य ब्यूटीशियन, मेकअप आर्टिस्ट और हेयर आर्टिस्ट के क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को पहचान दिलाना और उनके हुनर को प्रोत्साहित करना रहा।
0 टिप्पणियाँ