राधा-कृष्ण संग फूलों की होली, ग़ज़ल और लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; हर्बल अबीर से अतिथियों का हुआ स्वागत
जौनपुर। रंगों और उमंगों के पर्व होली के अवसर पर लायन्स क्लब क्षितिज जौनपुर द्वारा नगर के एक होटल में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गीत-संगीत, ग़ज़ल, कविता और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को देर तक झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरे समारोह में उत्साह, आपसी स्नेह और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण राधा-कृष्ण संग फूलों की होली रही। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए होली गीतों और मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। मंच से उतरकर दर्शकों के बीच होली गीत गाते हुए कलाकारों ने कार्यक्रम में ऐसा रंग जमाया कि उपस्थित लोग भी थिरकने पर मजबूर हो गए। फूलों की होली और संगीत की मधुर धुनों से पूरा वातावरण होली के रंग में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्थाध्यक्ष अतुल सिंह एवं आराधना सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं सचिव अजीत सोनकर, कोषाध्यक्ष सुनील कन्नौजिया, संयोजक डॉ. सतीश मौर्य, अंजनी प्रजापति तथा प्रदीप सिंह ने अतिथियों को हर्बल अबीर का तिलक लगाकर और गुलाब की पंखुड़ियों से फूलों की होली खेल कर सम्मानित किया। इसके बाद सभी ने मिलकर फूलों की होली खेली और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अध्यक्ष अतुल सिंह ने कहा कि होली का त्योहार एकता, अखंडता, भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करता है। वहीं संस्थापक अध्यक्ष शशांक सिंह रानू ने कहा कि इस तरह के होली मिलन समारोह आपसी स्नेह, भाईचारा और सद्भावना को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम का संचालन अंजनी प्रजापति और प्रदीप सिंह ने किया।
इस अवसर पर प्रदीप श्रीवास्तव दिलीप सिंह, जय कृष्णा साहू (जैकी), विष्णु सहाय, धर्मेंद्र सेठ, सर्वेश जायसवाल, देव आनंद, नीरज श्रीवास्तव, संजय जायसवाल, देवेश जी, डॉ. चंदन नाथ, मनीष मौर्या, डॉ. विकास, डॉ. योगेन्द्र प्रताप, नीरज सिंह, राजीव गुप्ता, कौशल त्रिपाठी, दिलीप जायसवाल, दीपक साहू, चंद्रशेखर जायसवाल, अभिषेक गुप्ता (शम्मी), आशीष चौरसिया, हसन अब्बास, हाफिज शाह, रत्नेश जी, विशाल बरनवाल, अभिषेक श्रीवास्तव, शरद टंडन, रजनी साहू, डॉ. प्रिया सिंह सहित अनेक लायन साथी सपरिवार उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया।
0 टिप्पणियाँ