पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने अकाउंट रिपोर्ट करने की किया अपील
जौनपुर। सपा सरकार में पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों को मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। इस अकाउंट के जरिए लोगों को व्हाट्सएप स्टॉक ग्रुप में जोड़ने का निमंत्रण दिया जा रहा है। पूर्व मंत्री ने इसे पूरी तरह फर्जी बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
पूर्व ऊर्जा मंत्री ने एक बयान जारी कर बताया कि उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया है। इस अकाउंट के माध्यम से लोगों को मैसेज भेजकर व्हाट्सएप स्टॉक ग्रुप में जोड़ने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फर्जी अकाउंट से उनका किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह भ्रामक और धोखाधड़ी से जुड़ी गतिविधि है, जिससे आम लोगों को गुमराह किया जा सकता है।
पूर्व मंत्री ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को इस प्रकार का कोई मैसेज प्राप्त होता है तो उस पर विश्वास न करें और न ही किसी व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल हों। साथ ही ऐसे फर्जी फेसबुक अकाउंट की तुरंत रिपोर्ट करें और इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति ठगी या भ्रम का शिकार न हो सके।
0 टिप्पणियाँ