जौनपुर में तीन प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण को 9.66 करोड़ की स्वीकृति


धर्मार्थ योजनान्तर्गत सड़क चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य होंगे, आवागमन होगा सुगम

 खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

जौनपुर। जिले में सड़क विकास को गति देते हुए प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में धर्मार्थ योजनान्तर्गत तीन प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए बड़ी सौगात दी है। इसके लिए सरकार ने कुल 966.62 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 483.30 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जौनपुर में सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में धर्मार्थ योजनान्तर्गत तीन प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को मंजूरी मिली है। इस योजना के तहत जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राज्यमार्ग-128 के किमी-59 से चौकिया धाम मंदिर तक तथा चौकिया धाम मंदिर से आगे के मार्ग सहित कुल तीन मार्गों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन परियोजनाओं की कुल लागत 966.62 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 483.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन मार्गों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन की व्यवस्था अधिक सुगम होगी। इससे स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और जौनपुर में भी सड़क, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य कराए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ