पीयू के रज्जू भैया संस्थान में अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस (पाई डे) का आयोजन
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस (पाई डे) उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में गणित के महत्व, उसके वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपयोग तथा दैनिक जीवन में उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि गणित केवल संख्याओं और सूत्रों का विषय नहीं है, बल्कि यह तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र तथा डेटा विश्लेषण जैसे लगभग सभी क्षेत्रों की नींव गणित पर आधारित है। प्रो. यादव ने बताया कि पाई एक अत्यंत महत्वपूर्ण गणितीय स्थिरांक है, जिसका उपयोग वृत्त की परिधि और क्षेत्रफल की गणना सहित अनेक वैज्ञानिक और इंजीनियरिंग समस्याओं के समाधान में किया जाता है। गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. मिथिलेश सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में गणित के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है। गणित विभाग के डॉ. दीपक कुमार मौर्य, डॉ. आशीष वर्मा तथा सौरभ सिंह ने भी गणित के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।
मौके पर संस्थान के प्रो. देवराज सिंह, डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. पुनीत धवन, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी, डॉ. आलोक वर्मा, डॉ. संदीप वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ