ग्राम विकास इंटर कॉलेज खुटहन में 100 छात्राओं को मिली खेल सामग्री किट
जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के ग्राम विकास इंटर कॉलेज में शनिवार को आयोजित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम में विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने वाली 100 छात्राओं को खेल सामग्री किट वितरित की गई। भारतीय रेल वित्त निगम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को ट्रैक सूट, जूते, मोजे सहित अन्य खेल सामग्री प्रदान की गई, जिससे छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेल भूमि विकास प्राधिकरण के प्रबंधक ओमप्रकाश यादव (आईआरएस) ने छात्राओं को खेल सामग्री वितरित करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों ही व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रमेश चंद्र यादव ने कहा कि छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं। इससे बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे खेल के साथ-साथ शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि छात्राओं को हर क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी बराबर महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को खेल सामग्री मिलने से उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा और वे आगे चलकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। संचालन ईश्वरदेव यादव ने किया। इस अवसर पर श्रीराम कुमार यादव, राम शिरोमणि वर्मा, डॉ. सुनील कांत तिवारी, अनिल यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ