- विधायक रमेश सिंह ने अपने पैतृक आवास बस्ती बंदगान पर आजीविका मिशन की महिला समूह सदस्यों से किया संवाद
जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के पैतृक आवास बस्ती बंदगान पर विधायक रमेश सिंह ने गुरुवार को आजीविका महिला मिशन समूह की महिला सदस्यों से भेंट कर उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश भी दिए। विधायक रमेश सिंह ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं, जिससे गांव-गांव की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
उन्होंने महिला समूह की सदस्यों से उनकी गतिविधियों, आजीविका के साधनों और समूह संचालन से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं और जरूरतों को विधायक के सामने रखा। इस पर विधायक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण का संकल्प धरातल पर साकार हो रहा है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ