- मछलीशहर की सपा विधायक के नदियांव स्थित कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह का आयोजन
- महिलाओं ने फूलों की होली खेल कर दिया सामाजिक समरसता का संदेश
जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह रविवार की देर शाम मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर के नदियांव स्थित कार्यालय में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और फूलों की होली खेलकर उत्सव मनाया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। महिलाएं एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और फूलों की होली खेलकर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आईं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। समाज और देश के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। होली का पर्व आपसी एकता, प्रेम और समरसता का प्रतीक है।
ऐसे त्योहार समाज में लोगों के बीच की दूरियों को समाप्त कर आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उत्सव को यादगार बनाया।पूर्व मंत्री राज नारायण बिंद ने कहा कि होली जैसे पर्व देश के नागरिकों को एकजुट रहने की सीख देते हैं। पूर्व प्रमुख अभिमन्यु यादव ने भी संबोधित किया। संचालन विधानसभा अध्यक्ष सूर्यभान यादव ने किया। मौके पर पूर्व विधायक कैलाश नाथ सोनकर, पूर्व प्रमुख अशोक यादव, प्रधान तेज बहादुर यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ