- दौड़ में यूपीएस अशोकपुर कला और सुइथाकला प्रथम
- सुइथाकला क्षेत्र के कम्मरपुर बृहद स्टेडियम में विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन
जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र के कम्मरपुर गांव के बृहद स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से शनिवार को खेलो यूपी–खेलो इंडिया अभियान अंतर्गत विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन हुआ। खेल स्पर्धा में एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, बॉलीवॉल आदि खेल आयोजित हुए। मुख्य अतिथि शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने खेल समारोह का शुभारंभ करते हुए प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विधायक ने खेल भावना, अनुशासन और परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने माल्यार्पण कर खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। विधायक ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए जिसमें भेदभाव का कोई स्थान नहीं होता। विधायक ने कहा कि खेलकूद आपसी प्रेम और समरसता का प्रतीक है। खेल से सरहदों और दिल की दूरियां समाप्त होती हैं। एबीएसए आनंद प्रकाश सिंह ने कहा कि मन के स्वस्थ रहने से हमारे सभी क्रियाकलाप सुचारु रूप से होते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सभी खेल कूद में सहभागिता बढ़ाएं।
इसमें यूपीएस अशोकपुर कला, सुइथाकला, कुसिया बहार विद्यालय के बच्चों की टीम ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा क्षेत्र के ग्रामीण स्तर पर कम्मरपुर, मनवल, अरसिया, लालापुर, डकहा, ऊंचगांव तथा खुटहन और शाहगंज की करीब 35 टीमों ने हिस्सा लिया। उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तर 200 मी दौड़ में अशोकपुर कला के अभिषेक और यूपीएस सुइथाकला के मो. हसन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मी दौड़ में यूपीएस सुइथाकला के रविन्द्र बिंद प्रथम और दिलीप बिंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 400 मी दौड़ में ग्रामीण स्तर पर मनवल के मान सिंह प्रथम और अरसिया के सत्यम दूसरे स्थान पर जबकि 600 मी दौड़ में मनवल के विवेक और डेहरी से आयुष यादव क्रमशः प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे। निर्णायक कमेटी में जिला व्यायाम शिक्षक पीआरडी मनोज यादव, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक राकेश यादव, राय साहब सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मनोज कुमार रहे। धन्यवाद ज्ञापन बीओ पीआरडी विकास वर्मा और संचालन पारसनाथ यादव ने किया। मौके पर एबीएसए आनंद प्रकाश सिंह, डॉ उमेश चंद्र तिवारी, शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह, रमेश सिंह, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुधाकर सिंह, प्रधान प्रतिनिधि प्रवीण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ