जौनपुर। स्वतंत्रता संग्राम के महानायक व अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं जय जवान-जय किसान के प्रणेता लाल बहादुर शास्त्री ने एक ऐसे भारत की संकल्पना की थी जो भय, भूख, अभाव और निरक्षरता से मुक्त हो। ऐसे भारत के नव निर्माण के लिये हम सभी कार्यकर्ताओं को प्राण प्रण से जुट जाना चाहिये।
उक्त बातें राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने सद्भावना सेतु स्थित नवदुर्गा शिव मंदिर परिसर में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कही। संगोष्ठी का आयोजन भारतीय जनता पार्टी नगर दक्षिणी द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कृष्ण प्रताप सिंह ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री राजनीति की कालकोठरी में एक ऐसे चुनिंदा शख्सियतों में से एक थे जो सदैव धूमकेतु की तरह चमकते रहेंगे।
पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा नगर दक्षिणी अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष व सदर विधानसभा प्रभारी अशोक श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने किया। संगोष्ठी के पश्चात नगर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। सद्भावना सेतु से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा का समापन खरका स्थित गांधी प्रतिमा पर हुआ। जहां उपस्थित लोगों ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संचालन नगर महामंत्री सतीश सिंह त्यागी ने किया। आभार राजेश गुप्ता ने व्यक्त किया। कार्यक्रम संयोजक नगर कोषाध्यक्ष संदीप जायसवाल रहे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अमित श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, रविंद्र सिंह दादा, राजेश श्रीवास्तव, नीरज सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, सुधांशु सिंह, धनंजय सिंह, आशीष गुप्ता, सीमा तिवारी, नगर उपाध्यक्ष डा. कमलेश निषाद, जय विजय सोनकर, मनोज तिवारी, राजेश कन्नौजिया, अभिषेक श्रीवास्तव, अमूल्य श्रीवास्तव, प्रदीप तिवारी, आयुष अस्थाना, डा. ब्रह्मेश शुक्ला, आलोक मिश्रा, जय प्रकाश गुप्ता, रीता पटेल, दीपक मिश्र, निशाकांत द्विवेदी, जगमेंद्र निषाद, श्रवण मौर्य, राहुल निषाद, अतुल जायसवाल, पंकज श्रीवास्तव, विपिन सिंह, मोहित कश्यप, आलोक श्रीवास्तव, सत्येन्द्र सिंह, जटाशंकर त्रिपाठी, गौरव श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ