शाहगंज के किंग पैलेस में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सपाइयों ने अर्पित की पुष्पांजलि
जौनपुर। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के उसरहटा स्थित किंग पैलेस में शनिवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ सपा नेता शैलेंद्र यादव ललई सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके संघर्षों, समाजवादी विचारधारा और देश-प्रदेश की राजनीति में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।
पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि नेताजी का संपूर्ण जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उनके विचार और समाजवादी आंदोलन को मजबूत बनाने में उनके योगदान से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि नेताजी की विरासत को आगे बढ़ाना तथा समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने नेताजी के राजनीतिक जीवन और समाजवादी आंदोलन में उनकी भूमिका का उल्लेख करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में किसानों, नौजवानों और कमजोर वर्गों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके संघर्ष और जनसरोकारों की विरासत समाजवादी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करती रहेगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष मिथिलेश यादव, वसीम आजाद, वीरेंद्र यादव बंटी, मुस्लिम अंसारी, ब्लॉक अध्यक्ष देवमणि यादव, प्रमोद यादव, पुष्पेंद्र यादव, बैजनाथ यादव, सैयद उरूज, मन्नान, अखलेश बैंड, सुरेंद्र निषाद और राम आसरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ