80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन से विद्यालयों तक हुए आयोजन, शहर से गांव तक देशभक्ति के रंग में रंगा जनपद
जौनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पूरा जनपद देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। पुलिस लाइन, कलेक्ट्रेट, तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों से लेकर विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। तिरंगा यात्राओं में विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए। विभिन्न स्थानों पर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता के महत्व के साथ शिक्षा, अनुशासन, संस्कार, करियर और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
पुलिस लाइन में राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया ध्वजारोहण
पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया। राज्य मंत्री ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद बहुउद्देशीय हॉल में दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक प्रस्तुत किए। राज्य मंत्री ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं उनके अध्यापकों को सम्मानित किया। जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन अमर बलिदानियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे लाखों ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान है। इसलिए यह दिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने का पर्व भी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी विकास की इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। सरकार का प्रयास है कि गांव से शहर तक प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाएं।
राज्य मंत्री ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से युवा अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं।
राज्य मंत्री ने भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस गोष्ठी में भी सहभागिता की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशु, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व जिला महामंत्री अमित श्रीवास्तव, जिला महामंत्री अजय सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आजादी गर्व के साथ जिम्मेदारी भी : प्रिया सरोज
मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज ने क्षेत्रवासियों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। उन्होंने कहा कि यह आजादी प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय होने के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी को अपने स्तर से सकारात्मक योगदान देना होगा। उन्होंने लोगों से सामाजिक एकता, भाईचारे और देशहित की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
विधायक रमेश सिंह ने विद्यार्थियों को दिया शिक्षा और अनुशासन का संदेश
ग्रामसभा छितमपट्टी पलिया स्थित रघुपति सिंह चिल्ड्रेन एकेडमी में विधायक रमेश सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
विधायक रमेश सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्रता का सबसे बड़ा अर्थ शिक्षा के अवसरों का सदुपयोग करना है। बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहकर नियमित पढ़ाई करनी चाहिए। सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से हासिल होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेने और अपनी कमियों को दूर कर आगे बढ़ने की अपील की। विद्यालय के प्रबंधक दिनेश सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।
विधायक पंकज पटेल ने एकता और सामाजिक सौहार्द का दिया संदेश
मुंगरा बादशाहपुर के विधायक पंकज पटेल ने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित राष्ट्रोत्सव में सहभागिता की और राष्ट्रध्वज को नमन किया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी सामूहिक संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझना चाहिए और अपनी प्रतिभा का उपयोग देश के विकास में करना चाहिए।
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद जिलाधिकारी एवं अधिकारियों ने गांधी तिराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा आंबेडकर तिराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन हमें एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की प्रेरणा देता है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देनी चाहिए।
खुटहन में शैलेंद्र यादव ‘ललई’ ने किया ध्वजारोहण
ग्राम विकास इंटर कॉलेज खुटहन में पूर्व ऊर्जा एवं नियोजन राज्य मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’ मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने ध्वजारोहण करने के साथ विद्यालय की पत्रिका ‘संस्कार’ का विमोचन किया।
शैलेंद्र यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से सीख लेकर शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को महत्व देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
प्रबंधक डॉ. रमेश चंद्र यादव ने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकता है। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने आभार प्रकट किया।
सुइथाकला में शहीद स्तंभ पर अर्पित की पुष्पांजलि
सुइथाकला ब्लॉक मुख्यालय पर ब्लॉक प्रमुख विद्या तिवारी एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय ऊंचगांव पहुंचकर विद्यार्थियों को संबोधित किया।
डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों के हाथों में है। शिक्षा केवल व्यक्तिगत सफलता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार भी है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज के हित में करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
एसवीडी गुरुकुल महाविद्यालय, डीआरसी गुरुकुल पब्लिक स्कूल, डीएलएड संकाय एवं एसवीडी गुरुकुल विधि महाविद्यालय दुमदुमा ऊंचगांव में भी संयुक्त रूप से स्वतंत्रता दिवस समारोह हुआ। ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने ध्वजारोहण किया।
लक्ष्य तय कर अनुशासन के साथ मेहनत करें विद्यार्थी : नरसिंह बहादुर सिंह
सीताराम सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने लगाए देशभक्ति के नारे
जौनपुर। विकासखंड क्षेत्र खुटहन के सीताराम सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज, त्रिकौलिया में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इसके बाद भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के संस्थाध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष, माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश नरसिंह बहादुर सिंह ने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।
नरसिंह बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों को करियर और सफलता के टिप्स देते हुए कहा कि देश की आजादी का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब युवा शिक्षित, आत्मनिर्भर, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। विद्यार्थी अपने करियर का चुनाव अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को ध्यान में रखकर करें। केवल किसी दूसरे की सफलता देखकर उसी क्षेत्र को चुनना उचित नहीं है। अपनी क्षमता को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करना सफलता की पहली सीढ़ी है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय करने के बाद नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बनाए रखनी चाहिए और मोबाइल व सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचना चाहिए। विषयों को केवल रटने के बजाय उनकी मूल अवधारणाओं को समझने का प्रयास करें और समय-समय पर अपनी तैयारी का आकलन करते रहें।
उन्होंने कहा कि असफलता जीवन का अंत नहीं, बल्कि अपनी कमियों को पहचानकर सुधार करने का अवसर है। किसी परीक्षा में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर निराश होने के बजाय यह देखना चाहिए कि तैयारी में कहां कमी रह गई। इसके बाद पहले से बेहतर रणनीति बनाकर दोबारा प्रयास करना चाहिए। सफलता के लिए प्रतिभा के साथ धैर्य, निरंतरता और मेहनत जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का सम्मान करने तथा अच्छे संस्कारों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। कहा कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली भी सफलता की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता दिवस पर संकल्प लेने को कहा कि वे अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करेंगे।
विशिष्ट अतिथि कलावती ग्रुप के ओनर प्रेम प्रकाश गौतम तथा मुंबई के वरिष्ठ अधिवक्ता राम चंद्र गिरी रहे। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भाषण प्रस्तुत किए। तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यालय परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया।
शैक्षिक सत्र 2025-26 में विद्यालय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया।
प्रधानाचार्य बिपिन कुमार सिंह और प्रबंध निदेशक कृष्णा सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।
गांधी स्मारक पीजी कॉलेज में पंडित राम सन्मुख तिवारी ने किया ध्वजारोहण
शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने की दी सीख
गांधी स्मारक पीजी कॉलेज में विद्यालय प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं मुख्य अतिथि पंडित राम सन्मुख तिवारी ने ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
पंडित राम सन्मुख तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपनाकर शिक्षा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझे।
गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह ‘रानू’ ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों में चरित्र, संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रप्रेम विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। मौके पर संकुल के सभी प्रधानाचार्य एवं प्राचार्य तथा शिक्षकगण मौजूद रहे।
बाबा महाबल दास इंटर कॉलेज में संत प्रकाश दास जी महाराज ने फहराया तिरंगा
शिक्षा और संस्कार के साथ देश के प्रति कर्तव्य समझें विद्यार्थी : संत प्रकाश दास
बाबा महाबल दास इंटर कॉलेज पानी टंकी में प्रबंधक एवं मुख्य अतिथि संत प्रकाश दास जी महाराज ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
संत प्रकाश दास जी महाराज ने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है। आज की पीढ़ी को इस स्वतंत्रता का मूल्य समझते हुए देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सेवा और ईमानदारी को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत चरित्र और अच्छी शिक्षा के आधार पर ही युवा अपने भविष्य के साथ राष्ट्र का भविष्य भी बेहतर बना सकते हैं।
प्रधानाचार्य हरि सहाय यादव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नियमित अध्ययन, मेहनत और अनुशासन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखें और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहें।
बाबा द्वारिकादास हरी महाविद्यालय व एसएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी में डॉ. सूर्यभान यादव ने फहराया तिरंगा
शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना अपनाने का आह्वान
बाबा द्वारिकादास हरी महाविद्यालय एवं एसएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी में प्रबंधक एवं वरिष्ठ सपा नेता डॉ. सूर्यभान यादव ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया।
डॉ. सूर्यभान यादव ने कहा कि देश की आजादी के बाद शिक्षा और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। विद्यार्थियों को इन अवसरों का सदुपयोग करते हुए ज्ञान और कौशल हासिल करना चाहिए। शिक्षा व्यक्ति को जागरूक बनाने के साथ समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियों का बोध भी कराती है। उन्होंने युवाओं से मेहनत, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
समोधपुर में डॉ. रणजीत सिंह ने दिया सेवा और अनुशासन का संदेश
श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक प्रस्तुत किए। पूर्व प्रधानाचार्य एवं स्काउट-गाइड के जिला मुख्य आयुक्त डॉ. रणजीत सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. रणजीत सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को अनुशासन और सेवा भावना के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना चाहिए। प्रधानाचार्य डॉ. अजेय प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता विनय त्रिपाठी ने किया।
परिषदीय विद्यालयों में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह
भेला मिश्रान से अशोकपुर कला तक हुए आयोजन, बच्चों को शिक्षा, संस्कार और जिम्मेदारी का संदेश
जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसरों में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व के साथ शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की सीख दी।
भेला मिश्रान में संजय सिंह ने किया ध्वजारोहण
प्राथमिक विद्यालय भेला मिश्रान में मुख्य अतिथि कोटेदार एवं प्रधान प्रतिनिधि संजय सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
संजय सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीरों के संघर्ष को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। बच्चों को स्वतंत्रता का महत्व समझने के साथ अपने भविष्य के प्रति भी गंभीर होना चाहिए। अच्छी शिक्षा, अनुशासन और संस्कार बच्चों के व्यक्तित्व को मजबूत आधार देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, नियमित पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने की अपील की।
प्रधानाध्यापक राय साहब सिंह ने कहा कि विद्यालय में ऐसे आयोजन बच्चों को देश के इतिहास से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने बच्चों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय सुइथाकला में राधिका देवी ने फहराया तिरंगा
ग्राम प्रधान राधिका देवी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और उन्हें नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
प्रधानाध्यापक पारसनाथ यादव ने कहा कि बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के साथ वर्तमान में अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए। उन्होंने नियमित अध्ययन, स्वच्छता और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की सीख दी।
प्राथमिक विद्यालय अमारी में डॉ. रणंजय सिंह ने दिया सामाजिक दायित्व का संदेश
प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. रणंजय सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण जगह है। शिक्षा के साथ उन्हें सहयोग, स्वच्छता, बड़ों के सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपने आसपास सकारात्मक बदलाव लाने की शुरुआत स्वयं से करने की अपील की।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुमदुमा में मेहनत और अनुशासन पर जोर
प्रधानाध्यापक डॉ. राकेश चंद्र तिवारी ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं। नियमित अध्ययन, मेहनत और अनुशासन के माध्यम से वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर दोबारा प्रयास करने की सलाह दी।
अशोकपुर कला में सतीश सिंह ने राष्ट्रप्रेम और संस्कार को बताया जरूरी
कंपोजिट विद्यालय अशोकपुर कला में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष शिक्षक संघ एवं प्रधानाध्यापक सतीश सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ देश के इतिहास और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देना भी जरूरी है। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की जानकारी बच्चों में राष्ट्र के प्रति सम्मान पैदा करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, सहयोग और परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
अन्य विद्यालयों में भी हुए कार्यक्रम
देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजे विद्यालय परिसर, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
सार्वजनिक जनता जूनियर हाईस्कूल अरसियां बाजार में प्रबंधक राम बदन यादव ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम और शिक्षा का संदेश दिया।
राम बदन यादव ने कहा कि देश की आजादी के पीछे असंख्य लोगों का संघर्ष और त्याग है। विद्यार्थियों को इतिहास से प्रेरणा लेकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों को केवल रोजगार के लिए तैयार नहीं करती, बल्कि उन्हें समाज और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक भी बनाती है। विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन और अच्छे आचरण को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
रामबहाल पाल इंटर कॉलेज काजीपुर सराय मोहिउद्दीनपुर में प्रबंधक राम दुलार पाल एवं प्रधानाचार्य जय प्रकाश पाल की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ।
राम दुलार पाल ने कहा कि देश की आजादी गौरव के साथ जिम्मेदारी का भी विषय है। विद्यार्थियों को यह समझना चाहिए कि देश का भविष्य उनकी शिक्षा, प्रतिभा और चरित्र से जुड़ा है। उन्होंने बच्चों से अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने, कठिन परिश्रम करने और ईमानदारी को जीवन का आधार बनाने की अपील की।
प्रधानाचार्य जय प्रकाश पाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे आयोजन बच्चों को देश के इतिहास से जोड़ने और उनमें राष्ट्रीय चेतना विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल पट्टी नरेंद्रपुर में प्रबंध निदेशक संजय सिंह एवं प्रधानाचार्य अजर सदाकत की मौजूदगी में समारोह हुआ।
प्रबंध निदेशक संजय सिंह ने कहा कि आज के विद्यार्थी कल देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। इसलिए उनके भीतर ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा पहचानकर निरंतर सीखते रहने और अपने कार्य से परिवार, विद्यालय और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
प्रधानाचार्य अजरा सदाकत ने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और आत्मविश्वास को सामने लाती हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से काम करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर देते हैं। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
चाइल्ड वर्ल्ड स्कूल भैंसौली में प्रबंधक विष्णु चंद्र पांडेय ने ध्वजारोहण किया।
विष्णु चंद्र पांडेय ने कहा कि आज के बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से परिचित कराने के साथ यह समझाना भी जरूरी है कि स्वतंत्रता के बाद देश को आगे बढ़ाने में उनकी क्या भूमिका हो सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और सार्वजनिक संपत्ति के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनने की शुरुआत छोटी-छोटी अच्छी आदतों से होती है। विद्यार्थी अपने विद्यालय और घर को स्वच्छ रखें, दूसरों का सम्मान करें, जरूरतमंदों की सहायता करें और अपने आसपास सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास करें। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की।
शाहगंज तहसील में जनसेवा का लिया संकल्प
शाहगंज तहसील मुख्यालय पर एसडीएम अंकुर वर्मा एवं तहसीलदार सौरभ कुमार की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हुआ। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को नमन कर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
एसडीएम अंकुर वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराता है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
तहसीलदार सौरभ कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ सुनकर उनका समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष इंजीनियर विकास सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ अधिकारों के साथ अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन भी है। लेखपाल ग्रामीण क्षेत्रों में सीधे जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए किसानों और आम नागरिकों से जुड़े राजस्व कार्यों को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरा करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और संविधान एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।


0 टिप्पणियाँ