जौनपुर: समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विधायक



जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने किया शुभारंभ, आपदा पीड़ितों को दी आर्थिक सहायता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर महराजगंज ब्लॉक परिसर में शिविर का आयोजन 

जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महराजगंज विकास खंड परिसर में मंगलवार को आयोजित जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ बदलापुर के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में विधायक ने छोटे बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा धात्री महिलाओं को गोदभराई कार्यक्रम के अंतर्गत उपहार वितरित किए। साथ ही दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। ग्राम बनगाँव भूमिहार की मनोरमा को 5 लाख रुपये, ग्राम बरहूपुर के भूलन को 4 लाख रुपये, ग्राम बरियारेपुर की निर्मला को 4 लाख रुपये तथा ग्राम गोंदालपुर के अमित यादव को गौवंश क्षति के लिए 30 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृति का प्रमाण पत्र सौंपा गया।
 विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है और जरूरतमंदों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार बृजेन्द्र सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुष्पा निषाद, मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष लवकुश सिंह, पंकज सिंह, उन्नत सिंह, अवधेश उपाध्याय, डॉ. सचिन सिंह, निर्भय सिंह, केशव सिंह, अतुल तिवारी, विनोद तिवारी, राम सिंह, उमेंद्र यादव, सरनाम सिंह, धीरज चतुर्वेदी, राहुल मिश्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ