जौनपुर: शाहगंज में 69.11 लाख की लागत से बनेगा नवीन पशु चिकित्सालय, विधायक रमेश सिंह ने किया भूमि पूजन

योगी तिराहा स्थित जर्जर पशु चिकित्सालय के स्थान पर होगा निर्माण, किसानों और पशुपालकों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

जौनपुर। शाहगंज नगर के योगी तिराहा स्थित पुराने एवं जर्जर पशु चिकित्सालय भवन के स्थान पर 69 लाख 11 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नवीन पशु चिकित्सालय भवन का शनिवार को भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रमेश सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन कर परियोजना की आधारशिला रखी।
 विधायक रमेश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसी उद्देश्य से क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सालय पशुओं के उपचार, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों एवं पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में जनसेवा, सुशासन एवं विकास के संकल्प को धरातल पर उतारा जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई तथा पशुपालन जैसे सभी क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं।
"किसानों और पशुपालकों की समृद्धि ही ग्रामीण विकास की आधारशिला है। नवीन पशु चिकित्सालय भवन बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा पशुधन संरक्षण और संवर्धन को नई गति मिलेगी। हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान और पशुपालकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ