जौनपुर: दुनिया को शांति, करुणा और मानवता का संदेश दे रहे दलाई लामा : वीरेन्द्र सिंह


राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह ‘वत्स’ ने धर्मशाला में दलाई लामा से की मुलाकात, आध्यात्मिक चर्चा कर लिया आशीर्वाद

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह ‘वत्स’ ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित मैक्लोडगंज में तिब्बती धर्मगुरु एवं विश्व विख्यात बौद्ध आध्यात्मिक नेता परमपावन दलाई लामा से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस विशेष अवसर पर उन्होंने दलाई लामा के आधिकारिक निवास पर पहुंचकर आध्यात्मिक, मानवीय मूल्यों एवं विश्व शांति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा भी की।

मैक्लोडगंज स्थित दलाई लामा के आधिकारिक निवास पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हिमालय की गोद में बसे इस शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण क्षेत्र में मई माह में भी ठंड का एहसास बना हुआ था, जिसके कारण लोगों को शॉल और स्वेटर का सहारा लेना पड़ा। प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर इस स्थान पर हुई मुलाकात ने सभी को विशेष अनुभूति कराई।

ज्ञात हो कि वर्ष 1959 में तिब्बत पर चीन के कब्जे के बाद दलाई लामा भारत आए थे और तब से धर्मशाला स्थित मैक्लोडगंज में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे हैं। आज भी वे पूरी दुनिया में शांति, अहिंसा, प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश देने के लिए जाने जाते हैं। उनके विचार करोड़ों लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहे हैं।

राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह ‘वत्स’ ने कहा कि दलाई लामा से मिलना उनके जीवन के सबसे सौभाग्यपूर्ण और अविस्मरणीय क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि दलाई लामा का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और मानवता के प्रति समर्पण हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। इस मुलाकात से उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा एवं आत्मिक शांति की अनुभूति हुई।

उन्होंने आगे कहा कि आज के तनावपूर्ण और संघर्षपूर्ण वैश्विक वातावरण में दलाई लामा का शांति, सहिष्णुता और करुणा का संदेश पूरी मानवता के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। समाज में प्रेम, भाईचारा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के लिए उनके विचारों का अनुसरण किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी अरविंद सिंह, व्यवसायी अमित सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने दलाई लामा के विचारों को मानव कल्याण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ