जहांगीर आर्ट गैलरी में सजी ‘माटी के रंग’, डॉ. लाल रत्नाकर की चित्रकला ने मोहा मन
पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह व विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने की सराहना, हर चित्र में दिखी जीवंतता
जौनपुर। मुंबई के जहांगीर आर्ट गैलरी में मंगलवार की देर शाम आयोजित ‘माटी के रंग, रत्नाकर के चित्रों के संग’ प्रदर्शनी में देश के मशहूर चित्रकार डॉ. लाल रत्नाकर की कलाकृतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र सरकार में पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह रहे।
मुंबई में आयोजित इस भव्य कला प्रदर्शनी में डॉ. लाल रत्नाकर की चित्रकला ने कला प्रेमियों का दिल जीत लिया। ‘माटी के रंग, रत्नाकर के चित्रों के संग’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित हर एक चित्र मानो जीवंत होकर अपनी कहानी कहता नजर आया। कलाकार की सूक्ष्म कला, रंगों का संयोजन और भावों की अभिव्यक्ति ने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृपा शंकर सिंह ने कहा कि डॉ. रत्नाकर की कला भारतीय संस्कृति और मिट्टी की खुशबू को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कलाकार देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं और यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। विशिष्ट अतिथि डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि डॉ. लाल रत्नाकर के चित्र केवल कला नहीं, बल्कि भावनाओं की अभिव्यक्ति हैं। उनके हर चित्र में समाज, संस्कृति और जीवन के विविध रंग स्पष्ट रूप से झलकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कला को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमी, गणमान्य नागरिक और कलाकार उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. लाल रत्नाकर की कला की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0 टिप्पणियाँ