जौनपुर: बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दे रहे दिशा : धनंजय सिंह


सिकरारा बाजार में आयोजित रैली में उमड़ा जन सैलाब, डॉ भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

जौनपुर। जनपद के सिकरारा बाजार में स्थानीय युवाओं द्वारा आयोजित रैली में मंगलवार को भारी उत्साह देखने को मिला। पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्र के युवाओं का उत्साहवर्धन किया। पूर्व सांसद ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
 कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति उनकी सोच हर वर्ग के लिए प्रेरणा स्रोत है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
पूर्व सांसद ने बताया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान के रूप में एक मजबूत आधार दिया। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने रैली के सफल आयोजन के लिए सभी युवा साथियों को बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता का सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता और एकता के संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ