जौनपुर: बच्चों के सर्वांगीण विकास में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भूमिका अहम : रमेश सिंह

धूमधाम से मनाया गया पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय रामपुर का वार्षिकोत्सव

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से विद्यार्थियों ने बांधा समां, प्रतिभाशाली छात्र  छात्राएं सम्मानित

जौनपुर। सुईथाकला विकासखंड अंतर्गत रामपुर स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय में सोमवार को आयोजित वार्षिकोत्सव  समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रमेश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
 विधायक रमेश सिंह ने कहा कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले ऐसे सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच देने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय परिवार को इस सराहनीय आयोजन के लिए बधाई दी।
खंड शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह ने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन सकता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ रणंजय सिंह, अजय मिश्रा ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता तिलक धारी यादव व संचालन नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया। मौके पर शिक्षक संघ के जिला मंत्री दुष्यंत मिश्रा, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुधाकर सिंह, पारसनाथ यादव, प्रधान अमरजीत यादव, प्रधानाध्यापक राकेश सिंह, एसएमसी अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ