ब्लॉक संसाधन केंद्र सुईथाकला पर शिक्षक नेता श्रीकांत सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
जौनपुर । ब्लॉक संसाधन केंद्र सुईथाकला में गुरुवार को प्राथमिक शिक्षक संघ सुईथाकला इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं समोधपुर निवासी श्रीकांत सिंह के निधन पर गुरुवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शिक्षक राजनीति का पुरोधा बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि स्व. श्रीकांत सिंह शिक्षक समाज के लिए एक प्रेरणा स्रोत थे। उन्होंने शिक्षक राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित किए और जीवनभर शिक्षकों के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहे। उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण भाव को सदैव याद किया जाएगा। उनका पूरा जीवन शिक्षक हितों के लिए समर्पित रहा। उनका व्यक्तित्व और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह ने कहा कि श्रीकांत सिंह शिक्षक समाज के मजबूत स्तंभ थे। उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। शिक्षक समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। मौके पर जिलामंत्री दुष्यंत मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष डॉ रणंजय सिंह व सुधाकर सिंह, पारसनाथ यादव, संजय सिंह, ब्लॉक मंत्री उमेश चंद्र यादव, डॉ निशाकांत आदि लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
0 टिप्पणियाँ