जौनपुर: आस्था का केंद्र बना देवीधाम बसौली : पं. रमेश तिवारी


चैत्र नवरात्रि पर 3000 से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, पूरे दिन गूंजते रहे जयकारे

जौनपुर। चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही सुईथाकला क्षेत्र का प्रसिद्ध देवीधाम बसौली आस्था का केंद्र बन गया है। पहले ही दिन यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां 3000 से अधिक भक्तों ने मां के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो दिनभर जारी रहीं। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री के चरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे धार्मिक वातावरण और भी आकर्षक बन गया।
नवरात्रि के पहले दिन महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे दिन भजन-कीर्तन और जयकारों से क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
देवीधाम बसौली के मुख्य पुजारी पंडित रमेश तिवारी ने बताया कि नवरात्रि का पहला दिन मां शैलपुत्री की उपासना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई पूजा से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-शांति का वास होता है। धाम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ही हर वर्ष हजारों लोगों को यहां खींच लाती है। सहायक पुजारी पं. शैलेश गिरी ने बताया कि नवरात्रि के दौरान यहां नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती पाठ और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार बना रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ