जौनपुर: गांव में प्रतिभाओं की कमी नहीं, केवल तराशने की जरूरत : डॉ रणजीत सिंह

सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल पट्टीनरेंद्रपुर में  किंडरगार्टन डे एवं अचीवमेंट अवॉर्ड कार्यक्रम हुआ आयोजित

जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र के सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल पट्टी नरेंद्रपुर में रविवार को किंडरगार्टन डे एवं अचीवमेंट अवॉर्ड कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त एवं पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. रणजीत सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजा अर्चना करके किया। अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट करके स्वागत किया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार एवं मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साइंस ओलंपियाड एवं स्पोर्ट्स की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सफल छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। शिक्षा में विशेष एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रधानाचार्य अजरा सदाकत, शिक्षिका साक्षी बरनवाल और आकांक्षा भोज्यवाल को प्रबंध निदेशक संजय सिंह ने सम्मानित किया। डॉ रणजीत सिंह ने कहा कि गांव में प्रतिभाओं की कमी नहीं है बशर्ते उन्हें तराशने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का स्वस्थ्य एवं सकारात्मक माहौल प्रदान कर रहा है।  
 विशिष्ट अतिथि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय गांव गोद कार्यक्रम के समन्वयक एवं गांधी स्मारक पीजी कॉलेज समोधपुर इतिहास के विभागाध्यक्ष प्रो.राकेश कुमार यादव ने गांव में शिक्षा की अलख जगाने के लिए विद्यालय के प्रयास को सराहा। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के बच्चे स्पर्धा में निखर रहे हैं जो यहां की उत्कृष्ट एवं बेहतर शिक्षा को दर्शाता है। प्रबंध निदेशक संजय सिंह ने कहा कि बच्चों के बहुमुखी विकास के लिए विद्यालय पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान की  जा रही है। अतिथियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य अजरा सदाकत ने किया। संचालन शिक्षक डीपी सिंह ने किया। मौके पर ओमप्रकाश तिवारी, चंद्र प्रताप यादव, डॉ राशिद खान, शिवशरण सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, विपिन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ