जौनपुर: नगर का हो रहा बहुमुखी विकास : मनोरमा मौर्या


नगर पालिका अध्यक्ष ने किया निर्माण कार्यों का लोकार्पण, कई वार्डों को मिली सौगात

 जौनपुर। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने सोमवार को विभिन्न वार्डों में नाली, इंटरलॉकिंग सड़क एवं पीवीसी पाइप द्वारा जलनिकासी निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य ने  क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कराए गए निर्माण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। वार्ड चांदपुर भुतपट्टी में आशीष यादव के मकान से रवि दुबे के मकान होते हुए विनोद सिंह गंग के मकान तक नाली व इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य लगभग 17.81 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कराया गया। इसी प्रकार वार्ड वाजिदपुर दक्षिण/चांदपुर सद्भावना कॉलोनी में विजय सिंह के मकान से दिनेश यादव के मकान होते हुए जियाउल के हाता तक सड़क व नाली निर्माण कार्य 16.73 लाख रुपये की लागत से कराया गया।
वार्ड नईगंज डीह बाबा स्थल, उमरपुर रूधा, गांधी आश्रम, कटघर गुरुद्वारा कॉलोनी, मो० बेगमगंज एवं अन्य क्षेत्रों में भी नाली, इंटरलॉकिंग सड़क तथा पीवीसी पाइप से जलनिकासी के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिन पर लाखों रुपये की लागत आई है। नपा अध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र का बहुमुखी विकास हो रहा है। जनता के हितों को प्राथमिकता के तौर पर शामिल करते हुए उनकी खुशहाली के लिए सतत प्रयास जारी है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर पात्र लोगों तक पहुंच रही हैं।लोकार्पण स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए जोरदार अभिनंदन किया।
स्थानीय जनता ने वर्तमान पालिका अध्यक्ष द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष मनोरमा मौर्य के साथ उनके प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ