धूमधाम से मनाया गया साईं बाबा मंदिर का 26 वाँ वार्षिकोत्सव
जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत बसौली स्थित साईं बाबा मंदिर का 26 वाँ वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में देर शाम तक भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा। मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किये। शाम को विधायक रमेश सिंह ने मंदिर में पहुंचकर साईं बाबा के चरणों में मत्था टेका, दर्शन एवं पूजा अर्चना की। विधायक ने कहा कि साईं बाबा का जीवन मानवता को समर्पित रहा। उन्होंने मानव को दया, करुणा, सत्य और अहिंसा की राह पर चलना सिखाया। कहा कि उनका जीवन संपूर्ण मानव जाति के लिए अनुकरणीय है। मुख्य आयोजक हनुमान शरण सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र वासियों के मन में अपार उत्साह है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्र वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी सहित सरपतहां, खुटहन और करौदी कला पुलिस फोर्स तैनात रही। वार्षिकोत्सव में शामिल होने के लिए जौनपुर जनपद के अलावा बनारस, मुगलसराय, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकर नगर, आजमगढ़ सहित अन्य समिति जनपदों सबसे श्रद्धालु पहुंचे। मौके पर सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल पट्टी नरेंद्रपुर के प्रबंध निदेशक संजय सिंह, शिवशरण सिंह, शिक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, जय नाथ सिंह, अच्छेलाल सिंह, अधिवक्ता आदित्य नारायण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ