आशीर्वाद समारोह में सीएम योगी, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत जानी-मानी हस्तियां भी पहुंचीं थीं
जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में शादी के पवित्र बंधन में बंधने वाले बदलापुर भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र के बेटे हर्षित और बहू श्रेया को बधाई दी है। प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यालय से जारी पत्र को विधायक ने सोशल मीडिया पर शुक्रवार को शेयर किया है। पीएमओ के पत्र के मुताबिक पीएम ने निमंत्रण पत्र भेजने पर प्रसन्नता व्यक्त की है और धन्यवाद दिया है। उन्होंने नव विवाहित वर-वधु को जीवन के नव शुभारंभ की हार्दिक बधाई दी है। साथ ही उज्जवल भविष्य की कामना की है। कहा कि विश्वास और मित्रता की डोर से दोनों सदैव बंधे रहे और रिश्ते में स्नेह बना रहे।
उन्होंने बेहतर तालमेल से जीवन आगे बढ़ने और समय के साथ संबंध और अधिक गहरा तथा मजबूत होने की कामना की है। इसके लिए नव दंपति को दीर्घ, सुखद एवं सौभाग्यपूर्ण जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है। विधायक के बड़े सुपुत्र हर्षित के विवाहोपरांत जनेश्वर मिश्र पार्क लखनऊ में आयोजित आशीर्वाद समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व गृहमंत्री कृपा शंकर सिंह, शाहगंज विधायक रमेश सिंह सहित अन्य लोग भी आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इसके लिए विधायक और उनकी पत्नी संजू मिश्रा ने सहृदय धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।
0 टिप्पणियाँ