जौनपुर : स्व. संस्थापक ठाकुर प्रसाद सिंह की 21वीं पुण्यतिथि पर दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि


 सुइथाकला, जौनपुर। ग्रामीण अंचल में शिक्षा की आधारशिला रखने वाले, जनपद के पश्चिमी सीमांत क्षेत्र में  शिक्षा को धरातल पर उतारने वाले, गांधी स्मारक विद्यालय संकुल समोधपुर के संस्थापक स्व.ठाकुर प्रसाद की 21वीं पुण्यतिथि पर रविवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। पुण्यतिथि को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया। श्रद्धांजलि समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर स्व. संस्थापक को नमन किया।
उन्होंने गांधी स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में स्वर्गीय संस्थापक की प्रतिमा का अनावरण किया ।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. ठाकुर प्रसाद अपने निर्णयों पर अडिग रहने वाले दृढ़ प्रतिज्ञ शख्सियत थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने विद्यालय में अनुशासन और  शिक्षा के प्रति शिक्षकों के समर्पण को सराहा। बेटों के साथ बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त हो रही हैं। 
विशिष्ट अतिथि मान्यता प्राप्त पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने संस्थापक को  ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को स्थापित करने वाला ऊसर का मालवीय बताया।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्व. सिंह की शिक्षा की अवधारणा का मूर्त रूप देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रबंधन ने वक्त के साथ अपना चरित्र कभी नहीं बदला। नकल और प्रतिस्पर्धा के दौर में हो रहे व्यवसायीकरण पर चिंता व्यक्त की। इस विद्यालय का पूर्व छात्र  होने के कारण अपने अतीत को याद करके वह भावुक हो उठे। 



मुख्य वक्ता के रूप में अंजनी सिंह ने संस्थापक को मनीषी, चिंतक और पूर्वांचल की शिक्षा  का मालवीय बताया। उन्होंने अपने कई संस्मरण और उदाहरण साझा किये। बतौर मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए प्रबंध समिति के सदस्य व शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह ने संस्थापक को शिक्षा का महान शिल्पी बताया। बताया कि वह विचारक एवं ग्रामीण अंचल में शिक्षा का कायाकल्प करने वाले व्यक्तित्व थे। 
संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन किया।प्राचार्य प्रो. रणजीत पांडेय ने अध्यक्षता करते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला। संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता विनय त्रिपाठी ने किया। मौके पर प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य पं. राम सन्मुख तिवारी, रामदयाल सिंह, राम किशुन वर्मा, मृगेंद्र सिंह, श्रीकृष्ण पाल, शरद दुबे प्रबंधक, शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह, प्रो.अरविंद सिंह, खुटहन के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, शीतला प्रसाद उपाध्याय,ओम प्रकाश पाल, अशोक सिंह, डा. शाहिद खान आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ