जौनपुर: ईश्वर की भक्ति और दर्शन से ही जीव होगा आवागमन के चक्र से मुक्त: हिमेश शास्त्री


नंदबाबा- श्री कृष्ण की निकाली गई झांकी  बनी आकर्षण का केंद्र

पंडाल में गोकुल जैसा उत्सव का माहौल, छाया रहा भक्ति मय वातावरण

रामनरेश प्रजापति 
शाहगंज। तहसील क्षेत्र के छताईं कला  गांव में शीतला प्रसाद सिंह के निवास स्थान पर आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भागवत प्रवक्ता हिमेश शास्त्री जी महाराज के मुखारबिंद से  ज्ञान भक्ति एवं वैराग्य की अविरल गंगा प्रवाहित हुई।उन्होंने वामन अवतार, गजेंद्र मोक्ष,समुद्र मंथन, सूर्यवंश वर्णन,राम और श्री कृष्ण जन्म का मनोहर एवं सजीव वर्णन किया।
आओ,आओ मेरे घनश्याम आ जाओ ब्रज में हो रही जय जयकार ,नंद घर में लाला आयो रे।सखी चलो नंद के द्वार लाल के दर्शन कर आएं, लाला जन्म  सुन आई मैया दे दो बधाई भक्ति गीत सुनकर पंडाल में उपस्थित श्रोताओं में गोकुल जैसा  उत्सव का माहौल स्थापित हो गया। लोग भक्ति भाव में इस कदर डूबे कि उन्हें अपने तन मन की  सुध भी नहीं रही।
लोग आनंदित होकर इस तरह नाचते गाते मस्त होकर झूमते हुए दिखाई  पड़े मानो पंडाल में सचमुच गोपी- गोपिकाओं द्वारा हर्ष और उल्लास से युक्त होकर आनंद मनाया जा रहा हो।शास्त्री जी ने  उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सत्संग रूपी गंगा मन को पवित्र करती है।उन्होंने कहा कि  हमारा मन सत्संग से ही ईश्वर के चरणों में समर्पित हो सकता है।दुर्गुणों से बचने का सत्संग ही एकमात्र विकल्प है।हमारा मन काम, क्रोध,लोभ मोह अहंकार से तभी छुटकारा पा सकता है जब इसे सत्संग से जोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि जीव ईश्वर के संपर्क में आने पर भव बंधन से मुक्त हो जाता है। ईश्वर की भक्ति और दर्शन से ही जीव को आवागमन के चक्र से मुक्त हो सकता है। माया के बंधन में फँसने से  जन्म मरण के बंधन में फंस जाता है। गजेंद्र मोक्ष की कथा का मार्मिक वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि यदि हम सच्चे हृदय से ईश्वर को पुकारेंगे तो वह हमारी रक्षा करने के लिए जरूर पहुंचेंगे।
इस अवसर पर   संजय सिंह वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रधान प्रतिनिधि समोधपुर ,आरपी सिंह प्रबंधक, राज नारायण द्विवेदी, डॉ अभिषेक सिंह, डॉ रत्नेश सिंह, डॉ अशोक बिंद मंडल अध्यक्ष जमुनिया भाजपा,सुरेश धुरिया, सूबेदार सिंह सदस्य जिला पंचायत,नेता तिवारी ,सत्येंद्र सिंह,नीतेन्द्र सिंह , विकास सिंह संदीप सिंह, अजय सिंह, दीपक सिंह,चतुर्भुज सिंह,राजेश पासवान ,आनंद राजभर ,सतई यादव ,धीरेंद्र कुमार सिंह,अजय सिंह ,वीरेंद्र मौर्य ,पारस नाथ मौर्य, श्रीनाथ  मौर्य, अमन सिंह ,प्रेम प्रकाश सिंह सहित क्षेत्र के  गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ